लक्ष्मी के रेडिमेड व्यवसाय को बढ़ाने में मददगार साबित हुई मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना
मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने तथा व्यवसाय को आगे बढ़ाने के इच्छुक व्यक्तियों के लिये वरदान बन गई है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से अनेक लोग स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बन रहे है। जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हो रही है। योजना के तहत बैंकों के माध्यम से लोगो को ऋण उपलब्ध कराया जाता है और शासन द्वारा उस ऋण पर निर्धारित सब्सिडी प्रदान की जाती है।

जिले के इछावर तहसील की वार्ड क्रमांक-8 निवासी श्रीमती लक्ष्मी ताम्रकार ग्रहणी होने के साथ ही स्वयं का व्यवसाय भी चला रही है। लक्ष्मी की इछावर बाजार में रेडिमेड की दुकान है। गत दिवस आयोजित रोजगार-स्वरोजगार कार्यक्रम में लक्ष्मी को डेढ़ लाख रूपए का ऋण प्रदान किया गया है। जिसमें शासन द्वारा उन्हें सब्सिडी भी दी गई है। इस राशि से लक्ष्मी ने अपने रेडिमेड व्यवसाय को और अधिक बढ़ाया है। लक्ष्मी बताती है कि पहले वे पैसो के अभाव में अपने व्यवसाय को बढ़ा नही कर पा रही थी। उन्हें रिश्तेदारों से जब मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का पता चला तो उन्होंने बिना समय गवाएं योजना से ऋण के लिए आवेदन किया। लक्ष्मी बताती है कि आवेदन के कुछ समय पश्चात उन्हें ऋण स्वीकृत कर दिया गया। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना चलाकर अनेक लोगो को स्वयं का रोजगार स्थापित करने में मदद करने के लिए लक्ष्मी में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद किया है।