कोई भी हितग्राही योजनाओं का लाभ पाने से वंचित न रहे – विधायक वर्मा
कलेक्टर ठाकुर ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे शिविर में पहुंचे

मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत जिलेभर में आयोजित किए जा रहे शिविर
मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत जिलेभर में शिविर आयोजित कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इछावर विधायक करण सिंह वर्मा एवं कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर इछावर एवं सीहोर तहसील की अनेक ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत आयोजित शिविरों में शामिल हुए। उन्होंने ग्राम पंचायत रामाखेड़ी, ढाबला, कुलासकलां तथा कुलांसखुर्द में शिविर के दौरान ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना और उनका निराकरण किया। उन्होंने फसल क्षति के संबंध में ग्रामवासियों से चर्चा भी की। कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया गया। शिविर में विधायक वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत प्रदेश के साथ ही जिले में भी पात्र हितग्राहियों को शासन की सभी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के द्वारा केन्द्र तथा प्रदेश सरकार की विभिन्न विभागों की 33 योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र व्यक्ति जो किसी न किसी कारण योजनाओं का लाभ पाने से वंचित रह गए है, ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों तक योजना का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ देना सुनिश्चित करने के लिए कहा। कलेक्टर ठाकुर ने फसल क्षति के संबंध में ग्रामवासियों से जानकारी लेते हुए कहा कि फसल क्षति का सर्वें कर सभी को राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे शिविरों में ग्रामवासी भी स्वयं आगे आकर शासन की योजनाओं का लाभ ले। उन्होंने अधिकारियों को सभी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
