सशक्त होने के साथ ही महिलाओं ने समाज में बनाई अपनी एक अलग पहचान-प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी
महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं हो रही संचालित- प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी

लाडली लक्ष्मियों तथा उनके अभिभावकों के सम्मान में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
सेवा पखवाड़ा के तहत जिले की लाडली लक्ष्मी बालिकाओं को सम्मानित करने तथा हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए शासकीय चन्द्रशेखर आजाद महाविद्यालय में जिला स्तरीय लाडली लक्ष्मी तथा उनके अभिभावकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने जिले का नाम रोशन करने वाली बालिकाओं और लाडली लक्ष्मियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की वजह से आज प्रदेश की महिलाएं सशक्त बन रही हैं और समाज में अपनी एक अलग पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों ने राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मध्यप्रदेश में जन्म लेने वाली बेटियां अब जन्म से ही लखपति बन रही हैं। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर उनके लालन-पालन पढ़ाई और प्रसूति तक के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाडली लक्ष्मी योजना 2.0 लागू की है। इस योजना के तहत जब लाडली बेटी कॉलेज में प्रवेश लेती है, तब उनके खाते में सरकार की ओर से 12 हजार 500 रूपए जमा कर दिए जाते हैं और अंतिम वर्ष में पहुंचने पर 12 हजार 500 रूपए उनके खाते में जमा कर दिए जाते है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर प्रदेश में 25,000 से अधिक यूनिट रक्तदान किया गया, जो कि देश में सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरे प्रदेश में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर ऐसे हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है, जो किसी कारण पात्र होने के बाद भी शासकीय योजनाओं का लाभ पाने से वंचित रह गए थे। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में हेल्थ कैंप लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिमाह रोजगार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इन रोजगार दिवसों में बड़ी संख्या में हमारे युवाओं को स्वयं का रोजगार स्थापित करने ऋण एवं अनेक कंपनियों में रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की कठिनाईयों कम करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री चौहान अनेक नई-नई योजनाएं बनाकर क्रियान्वित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन द्वारा गांव-गांव में नल के जरिए पेयजल पहुंचाकर महिलाओं की समस्याओं को कम किया जा रहा है। कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा आत्मरक्षार्थ कराटे का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री प्रफुल्ल खत्री ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती नावड़ी बाई, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर, एसडीएम अमन मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।