ऑपरेशन के बाद नन्हें लक्ष्य को मिली नई मुस्कान
जिले के श्यामपुर तहसील के ग्राम रायपुरा निवासी श्रीमती किरण की खुशी उस समय देखते ही बनती थी जब उसके 5 माह के बच्चे को नई मुस्कान मिली। जिला अस्पताल में किरण की डिलेवरी के बाद पूरा परिवार तब चिंता में आ गया जब उन्हें पता चला कि नन्हा लक्ष्य कटे होंठ व फटे तालू के साथ पैदा हुआ है।

कटे होंठ व फटे तालू होने के कारण लक्ष्य को स्तनपान करने में दिक्कत हो रही थी। प्रसव केन्द्र में कार्यरत स्टाफ द्वारा जन्मजात विकृति होने के कारण उपचार के लिए नन्हें लक्ष्य को चिकित्सालय परिसर में संचालित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र में भेजा गया। शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र बच्चे का पंजीयन कर अभिवाभकों को लक्ष्य के स्वस्थ्य होने की समझाइश दी गई एवं बताया गया कि बच्चों का उपचार राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत चिन्हांकित चिकित्सालय में नि:शुल्क किया जाता है। चिकित्सकों द्वारा बच्चे को माँ से सही तरीके से स्तनपान कराने एवं आंगनवाडी़ केन्द्र में हर माह 15-15 दिवस में शिशु का वजन कराने के लिए कहा गया। ताकि यह पता लग सके कि बच्चे का वजन उम्र के अनुसार बढ़ रहा है या नहीं। साथ ही बच्चे में कोई गंभीर लक्षण दिखाई देने पर संस्था में संपर्क करने के लिए भी कहा।

लक्ष्य का वजन 5 किलो होने पर पहले होंठो की सर्जरी एवं 8 किलो होने पर तालू की सर्जरी कराने की जानकारी दी। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र की आरबीएसके टीम एवं जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र द्वारा नन्हें लक्ष्य का निरंतर फॉलोअप किया गया। जिसके फलस्वरूप लक्ष्य का वजन 4 माह में ही 5.5 किलो हो गया। जिसके बाद बच्चे का सफल ऑपरेशन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत चिन्हांकित चिकित्सालय में सपन्न हुआ। आज लक्ष्य पूरी तरह से स्वस्थ हैं और परिवार में खुशी का माहौल है।