गौरव दिवस के उपलक्ष्य में टाउन हॉल में लगाई गई विकास एवं नवाचार पर आधारित प्रदर्शनी राष्ट्रीय अजीविका मिशन शहरी द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी
प्रदर्शनी के माध्यम से विभागों ने दी विभागीय योजनाओं एवं नवाचारो की जानकारी

सीहोर नगर के गौरव दिवस के अवसर पर सीहोर नगर में पाँच दिवसीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी क्रम में तीसरे दिन स्थानीय टाउन हॉल में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं तथा विकास एवं नवाचार पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई।

गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग की आयुष मेगा प्रदर्शनी
कार्य्रकम के तीसरे दिन स्थानीय टाउन हॉल में आयुष विभाग द्वारा आयुष मेगा शिविर सह प्रदर्शनी आयोजित किया गया। इस शिविर में यूनानी, हौम्योपैथी एवं आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा कैंप लगाया गया। जिसमें नागरिकों का हेल्थ चैक अप कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया तथा दवा वितरण की गई। प्रदर्शनी में गिलोय, चित्रक, एलोवेरा, तुलसी, पत्थरचिट्ठा सहित अनेक औषद्यीय पौधो के लाभ एवं दवा के रूप में उपयोग की जानकारी भी दी गई। इस दौरान नि:शुल्क औषद्यीय काढ़े का भी वितरण किया गया। इस शिविर में आयुर्वेद के 222, होम्योपैथी के 184 एवं यूनानी के 50 लोगो को लाभान्वित किया गया।
शिक्षा विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी
टाउन हॉल में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित की जा रही अनेक योजनाओें की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा प्रथम एवं द्वितीय कक्षा के छात्रों के लिए चलाई जा रही अंकुर योजना को भी प्रदर्शित किया गया। जिसमें छात्रों को स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षा प्रदान की जाएगी। प्रदर्शनी में शिक्षा विभाग की योजनाओं को वृक्ष बनाकर वृक्ष के रूप में प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही प्रदर्शनी में शिक्षा विभाग की समस्त योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए गए अनेक नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा बनाई गई जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया एवं स्वयं की नर्सरी लगाकर पौधे विक्रय करने जैसी गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में आरती स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए खिलौनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्लाई से निर्मित बैंगल बॉक्स एवं भगवान के वस्त्र आदि भी प्रदर्शनी में लगाए गए। साथ ही अनेक विभागों द्वारा प्रदर्शनी के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी दी गई।