गौरव दिवस को लेकर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने लिया मुनि श्री संस्कार सागर महाराज का आशीर्वाद
सीहोर। नगर का गौरव दिवस मनाए जाने को लेकर शहरवासियों में उत्साह का वातावरण बना हुआ है। शहर के चौराहे-तिराहे और सार्वजनिक स्थानों पर रंगोली मनाई जा रही है, वहीं शहर के सभी शासकीय भवनों पर प्रकाश की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिला प्रशासन के द्वारा गौरव दिवस को लेकर पांच दिवसीय विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अन्य पार्षदों और क्षेत्रवासियों ने शहर के बाल विहार में जैन समाज के तत्वाधान में जारी 1008 मज्जिनेंद्र पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महा महोत्सव एवं विश्व शान्ति महायज्ञ में मुनि श्री संस्कार सागर महाराज का आशीर्वाद लेकर यहां पर उपस्थिति श्रद्धालुओं से कहा कि नगर का गौरव दिवस शहरवासियों के द्वारा मनाया जा रहा है, उन्होंने मुनि श्री सहित सभी श्रद्धालुओं को भव्य कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
रविवार को गौरव दिवस को लेकर अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत नेत्रदान शिविर, रक्तदान शिविर, सामूहिक योग कार्यक्रम, मैराथन और रन फॉर सीहोर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। साथ ही प्रभात फैरी, इतिहास एवं पर्यटन विषय पर निबंध प्रतियोगिता, सफाई कर्मियों की संगोष्ठी, चित्रकला प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता, जिले के इतिहास, पर्यटन व विकास को बढ़ावा देने के लिए संगोष्ठी, विशाल साइकिल रैली रक्तदान एवं नेत्रदान शिविर आयोजित किए गए हैं।
भोपाल संभागायुक्त ने तैयारियों का लिया जायजा
भोपाल संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने सीहोर नगर के गौरव दिवस के अवसर पर 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। संभागायुक्त श्री भयड़िया ने मुख्यमंत्री श्री चौहान के सीहोर में प्रस्तावित कार्यक्रमों के स्थलों का निरीक्षण किया तथा इस आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्था के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के पूर्व संभागायुक्त श्री भयड़िया ने कलेक्टर कार्यालय में बैठक आयोजित कर 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौरव दिवस समारोह के आयोजन का स्वरूप भव्य हो। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, नागरिकों के आवागमन तथा पेयजल आदि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर और समय पूर्व पूर्ण कर ली जाए। बैठक में विधायक सुदेश राय तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने गौरव दिवस कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए अनेक सुझाव दिए।
०००००००००००००००००
