सीएम हेल्पलाइन से यश की शिकायत का हुआ निराकरण, खाते में पहुंची छात्रवृत्ति
सीएम हेल्पलाइन के जरिए यश को मिली छात्रवृत्ति

आम नागरिकों को सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा सीएम हेल्पलाइन सेवा चलाई जा ही है। सीएम हेल्पलाइन एक ऑनलाइन प्लेटफार्म है। सीएम हेल्पलाइन की सुविधा से आमजन अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए घर बैठे फोन कॉल के माध्यम से 181 पर अपनी समस्या दर्ज करवा सकते हैं। जिसके बाद शिकायत से संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायत का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाता है।
सीएम हेल्पलाइन की ऐसी ही एक शिकायत पर त्वरित कार्यवाही होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है जिले के सीताखेड़ा (सलकनपुर)निवासी श्री यश नागर ने। यश श्री सत्य साईं कॉलेज सीहोर में बी. फार्मा तृतीय वर्ष के छात्र है। यश की छात्रवृत्ति नही आई थी। यश को जब पता चला कि उनके साथ अध्ययनरत सभी छात्रों की छात्रवृत्ति आ चुकी है, सिर्फ उन्ही की छात्रवृत्ति नही आई। तब उन्होंने कॉलेज में संपर्क किया। कॉलेज से यश की समस्या का समाधान नही होने पर यश ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। यश की शिकायत पर त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित विभाग द्वारा उनकी छात्रवृत्ति नहीं पहुंचने में आई त्रुटि को दूर कर यश के खाते में छात्रवृत्ति हस्तांतरित की गई। यश सीएम हेल्पलाइन की इस त्वरित सेवा से खुश है। यश बताते है कि सीएम हेल्पलाइन की सहायता से उन्हें अपनी छात्रवृत्ति के लिए कही भटकना नही पड़ा। यश कहते है कि सीएम हेल्पलाईन एक बहुत ही महत्वपूर्ण, संवेदनशील और त्वरित सेवा है, जिससे माध्यम से कठिन से कठिन शिकायतों का भी तत्काल निराकरण हो जाता है।
जिले में सीएम हेल्पलाइन की कलेक्टर प्रवीण सिंह नियमित मॉनिटरिंग कर रहे है। कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह द्वारा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रत्येक टीएल बैठक में समीक्षा के साथ ही विभागवार सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की भी प्रतिदिन समीक्षा की जाती है।