पेयजल योजना के कार्यो में लेटलतीफी के लिए ठेका निरस्त कर ब्लैक लिस्ट करने के कलेक्टर ने निर्देश
सभी कॉलेज अपने निर्धारित समय पर खुले और बंद हो -कलेक्टर श्री सिंह
आवेदकों को उनके प्रकरण में की गई कार्यवाही से अवगत कराए- कलेक्टर श्री सिंह

सीहोर,
सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य सभी माध्यमों से प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर की गई कार्यवाही एवं निराकरण से आवेदक को भी अवगत कराया जाए। यह निर्देश कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने टीएल बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, सीएम मॉनिट तथा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के भ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदन पत्रों की समीक्षा करते हुए सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
पेयजल योजना के कार्यो में लेटलतीफी के लिए ठेका निरस्त कर ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश
जल जीवन मिशन के कार्यो की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने आष्टा में पेयजल योजना के कार्यो में लेटलतीफी के लिए श्रीजीत कन्स्ट्रक्शन कंपनी का ठेका निरस्त कर ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश पीएचई अधिकारी को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि लोगो के घरों तक पेयजल जल्द पंहुचाना है। इस कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने वीसी के माध्यम से जिले भर के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यो को निर्देश दिए कि सभी कॉलेज अपने निर्धारित समय पर खुले और बंद हो। छात्रों को निर्धारित समय सारणी के अनुसार विषयों को पढ़ाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली छात्रावृत्तियां छात्रों को समय पर मिले यह भी सुनिश्चत किया जाए। उन्होंने जिले में आयोजित आनंदम कार्यक्रम के तहत गतिविधियां व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल एवं मनोरंजन गतिविधियों की तिथि एवं समय का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग आनंदम कार्यक्रम में शामिल हो सके।
जिले में नामांतरण के कुल 17114 तथा सीमांकन के 5008 प्रकरणों का निराकरण
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने अनुभाग स्तर पर राजस्व के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और सीमांकन,फोती नामांतरण, बिना विवादित बँटवारे और विवादित बँटवारे के प्रकरणों में समय-सीमा में कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में नामांतरण के कुल 17114 तथा सीमांकन के 5008 प्रकरणों का निराकरण किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास एवं मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार
मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने पंचायतवार आबंटित लक्ष्य के अनुरूप स्वीकृति की कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शेष बचे आवासों को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों को तृतीय किश्त मिल चुकी है, उन आवासों का कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी सीएमओ को आवासों की नियमित मॉनिटरिंग कर मकानों को शीघ्र जियो टैग कराने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा
विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने कहा कि स्वरोजगार योजनाओं से मिलने वाले ऋण के जरिए युवा अपना रोजगार प्रारंभ करते है और अपने भविष्य का निर्माण करते है। ऋण मिलने में विलम्ब होगा तो रोजगार भी देरी से शुरू होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बैंको से सम्पर्क कर अधिक से अधिक से ऋण प्रकरणों को स्वीकृत कराकर ऋण वितरण कराने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि एनआरएलएम द्वारा संचालित सीएम स्ट्रीट वेंडर योजना के तहत 6012 प्रकरण स्वीकृत कर 5280 हितग्राहियों को ऋण वितरित किया गया तथा स्व सहायता समूहों को बैंक लिंकेंज कराने के 1802 प्रकरण कर 1802 स्वीकृत किए गए। जिला उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत कुल 58 प्रकरण स्वीकृत कर 37 प्रकरणों में ऋण वितरित किए गए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 402 प्रकरण स्वीकृत कर 355 ऋण वितरित किए गए है।
शत-प्रतिशत आधार लिंक कराने के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम,तहसीलदार को निर्देश दिए कि ऐसे बीएलओ जिनके द्वारा वोटर आईडी कार्ड से आधार कार्ड लिकिंग का कार्य पूर्ण नही किया गया है, उनकी बैठक आयोजित कर 100 प्रतिशत नागरिकों के आधार लिंक कराना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हर्ष सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती गुंचा सनोबर, संयुक्त कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, श्री सतीश राय, सुश्री वंदना राजपूत, एसडीएम श्री अमन मिश्रा, श्री विष्णु यादव, श्री आनन्द सिंह रजावत सहित समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।