शाहगंज के गौरव दिवस समारोह में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंहचौहान. सभी नागरिकों का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा कराने वाला देश का पहला नगर बना शाहगंज
समाज से विकास के लिए आगे आने का किया आव्हान
विकास के लिए नागरिकों का स्नेहपूर्ण आशीर्वाद और सहयोग जरूरी

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के विकास के लिए समाज आगे आए। हम अपनी स्पष्ट नीति और नियत से प्रदेश को आगे ले जायेंगे।उन्होंने नागरिकों से स्नेहपूर्ण आशीर्वाद और सहयोग की अपेक्षा भी की। मुख्यमंत्री श्री चौहान सोमवार को जिले के शाहगंज के गौरव दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शाहगंज की आबादी के सम्पूर्ण बोमाकृत होने और छोटे शहरों की श्रेणी में स्वच्छता में अग्रणी होने को प्रेरणास्पद बताते हुए कहा कि शासकीय धन के सदुपयोग में भी शाहगंज अग्रणी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उनकी सरकार अपनी नीति और साफ शपथ से प्रदेश की तस्वीर और हर नागरिक के तकदीर बदलने का काम कर रही है। उन्होंने शाहगंज को कन्यादान योजना का सूत्रधार बताते हुए बेटियों और बहिनों के कल्याण के चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाडली बहना योजना भी बहनों को शान और इज्जत से जीने की योजना है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाडली बहना योजना को दुनिया की महिला सशक्तिकरण की अनूठी योजना निरूपित करते हुए कहा कि समाज के लोग बहनो के आवेदन भरने में सहयोग करे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाएं हर वर्ग के लिए है। उन्होंने कहा कि स्कूल कॉलेज की फीस, सीएम राइज स्कूल, इंजीनियर और डॉक्टर की पढ़ाई हिंदी में होने के साथ ही एक लाख 24 हजार शासकीय पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नीति और नेता ठीक हो तो सकारात्मक बदलाव होगा ही।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नई आबकारी नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को नैतिक दायित्व निभाना होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दुराचारियो को चेतावनी देते हुए कहा कि दरिंदो को फांसी की सजा दिलवाई जायेगी। उन्होंने कहा कि माफिया से रिक्त करवाई गई 21 हजार हैक्टेयर भूमि आवासहीन परिवारों को आवास के लिए दी जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नल से जल योजनाओं के साथ ही बुदनी क्षेत्र में सिंचाई, सड़क जैसी आधारभूत संरचनाओं में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने शाहगंज नगर परिषद के नए भवन, सड़को, फुटपाथ और नगर की आंतरिक सीसी सड़को के साथ सीवेज निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने शाहगंज के छूट गए 13 गांव के 8000 एकड़ खेती की सिंचाई के लिए 55 करोड़ की योजना बनाए जाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शाहगंज में लगभग 7 करोड़ 50 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 38 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने शाहगंज के विकास और सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले विभिन्न व्यक्तियोंका शाल श्रीफल से सम्मान किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान के समक्ष विभिन्न व्यापारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने लाडली बहना योजना हेल्पडेस्क स्थापना, पालीथिन मुक्त शाहगंज, स्वच्छता आदि की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर गौरव दिवस की अवधारणा पर केंद्रित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
इससे पहले लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को जन नायक बताते हुए कहा कि अब वे लाडले मामा से लाडले भाई भी बने है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान का कल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार माना। सांसद रमाकांत भार्गव ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश के साथ ही शाहगंज के विकास का शिल्पी निरूपित करते हुए उन्हें शाहगंज का गौरव बताया। सांसद श्री भार्गव ने बुदनी विधानसभा क्षेत्र मे हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज शाहगंज कस्बे से नगर बना है।उन्होंने प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए जारी योजनाओं के लिए भी मुख्यमंत्री श्री चौहान को धन्यवाद दिया।
गौरव दिवस समारोह में विख्यात गायिका सुश्री कविता पौडवाल ने भजनों और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।