धारदार हथियार से महिला की नृशंस हत्या
– एक दिन पहले गांव से आई थी रेहटी
रेहटी. थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में एक महिला की उसके घर में अज्ञात हत्यारों ने धारदार हथियारों से नृशंस हत्या कर दी. महिला समीपस्थ ग्राम दिगवाड़ की बताई जाती है जो बीती शाम ही रेहटी आई थी. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम दिगवाड़ निवासी रामगोपाल साहू की 45 वर्षीय पत्नी सुनीता साहू ने रेहटी के वार्ड क्रमांक 9 में प्लाट खरीदकर एक कमरा बनवाया था. वह अक्सर दिन में रेहटी आती थी और शाम को अपने गांव लौट जाती थी. बताया जाता है कि मंगलवार को भी वह अपने गांव से रेहटी के लिए आई थी. शाम को उसके पति रामगोपाल ने उसे मोबाइल लगाया, लेकिन संपर्क नहीं होने पर वह आज रेहटी आया. यहां आकर उसने देखा कि घर के दरवाजे खुले पड़े थे और उसकी पत्नी सुनीता मृतावस्था में पड़ी थी. उसके शरीर पर चोटों के निशान थे. उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर एसडीओपी शशांक गुर्जर एवं थाना प्रभारी राजेश कहार घटनास्थल पर पहुंच गए थे. एसडीओपी ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाकर साक्ष्य तलाशे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में एसडीओपी शशांक गुर्जर का कहना है कि प्रथमदृष्टया: महिला की हत्या की गई है. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

