रेहटी के समीपस्थ चैहान वेयर हाउस का मामला, रेहटी थाने में दर्ज कराई 209 बोरी मूंग चोरी की एफआईआर रेहटी। सीहोर जिले की रेहटी तहसील स्थित चैहान वेयर हाउस से मूंग की चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि यहां से करीब 209 बोरी मूंग की चोरी हुई है। चोरी का आरोप वेयर हाउस के चैकीदार पर लगाकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। हालांकि इस मामले में जब पुलिस द्वारा छानबीन की गई तो मामला पूरी तरह से मिलीभगत का सामने आ रहा है। इसमें आशंका जताई जा रही है कि वेयर हाउसिंग कारपोरेशन की मिलीभगत से पहले इन 209 मूंग की बोरियों को गायब कर दिया गया है और बाद में चैकीदार पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। फिलहाल मामला पुलिस जांच में है। पुलिस इस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है। रेहटी तहसील में गड़बड़ियां रूकने का नाम नहीं ले रही है। सबसे ज्यादा गड़बड़झाला मध्यप्रदेश वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के जिम्मेदारों का सामना आ रहा है। एक के बाद एक गड़बड़ियां होने के बाद यहां के जिम्मेदारों पर कार्रवाई न होना कहीं न कहीं मिलीभगत की तरफ इशारा करती है। वेयर हाउसिंग कारपोरेशन बोरी कैप के कार्यक्षेत्र में रेहटी तहसील के 80 से ज्यादा वेयर हाउस आते हैं। ये सभी वेयर हाउस राजनीति से जुड़े लोगों के हैं। इन वेयर हाउसों में गेहूं, मूंग सहित धान की समर्थन मूल्य पर तुलाई होती है। इनमें हर सीजन में बड़े स्तर पर गड़बड़झाला करके लाखों-करोड़ों की चपत सरकार को लगाकर यहां के जिम्मेदार अपना भला करते हैं। मिलीभगत से जमकर होती है धांधली- रेहटी तहसील में बने वेयर हाउसों में वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के जिम्मेदारों की मिलीभगत से हर सीजन में जमकर धांधली की जाती है। सबसे ज्यादा गड़बड़ी मूंग खरीदी में की जाती है। तहसील के कई वेयर हाउस ऐसे हैं, जिनमें मूंग खरीदी शुरू होने से पहले ही मूंग का स्टाॅक भर दिया जाता है, जबकि इन वेयर हाउसों की चाबी वेयर हाउसिंग कारपोरेशन बोरी के पास होती है। दरअसल मंडी के व्यापारियों की मूंग का पाला करके मिलीभगत से पहले ही इनमें रखवा दिया जाता है। बाद में किसानों के पंजीयन पर इस खराब मूंग को समर्थन मूल्य पर बेचकर अच्छा खासा मुनाफा भी कमाया जाता है। इस मुनाफे का हिस्सा वेयर हाउस संचालक, वेयर हाउसिंग कारपोरेशन सहित खरीदी केंद्र समिति के बीच में आपस में बांट लिया जाता है।
इनका कहना है- मूंग चोरी को लेकर शिकायत आई थी। एफआईआर दर्ज की गई है। अभी इस मामले मेें जांच की जा रही है।