August 3, 2026

निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों का हंगामा

0
vid-20260228-wa000616337449535895504882.jpg


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा मौत के असली कारणों का खुलासा

बुधनी-रेहटी, मुकेश मेहता।

बुधनी-रेहटी क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेहटी स्थित विजयासन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रेहटी के ग्राम बोरघाटी निवासी मनीराम के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा करते हुए अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मनीराम की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें पहले शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें रेहटी स्थित विजयासन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने शुरुआत में गैस संबंधी समस्या बताकर मरीज को भर्ती किया था, लेकिन इलाज के दौरान अचानक उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते सही उपचार दिया जाता तो संभवतः जान बचाई जा सकती थी।

वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से परिजनों को बताया गया कि मरीज को अचानक हार्ट अटैक आया था, जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई।

हंगामे के बाद मौके पर पहुंचा प्रशासन

मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस थाना प्रभारी एवं प्रभारी तहसीलदार मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया।

पुलिस ने मामले में मार्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि विजयासन हॉस्पिटल पूर्व में भी विभिन्न कारणों से सुर्खियों में रह चुका है। ऐसे में इस घटना के बाद एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!