अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रंगपंचमी व्यवस्था की कमान महिला अधिकारियों के हाथों में, सीहोर पुलिस की सराहनीय पहल
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रंगपंचमी व्यवस्था की कमान महिला अधिकारियों के हाथों में, सीहोर पुलिस की सराहनीय पहल
सीहोर। (मुकेश मेहता)
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रंगपंचमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सीहोर पुलिस की महिला अधिकारियों ने जिम्मेदारी संभालते हुए उत्कृष्ट भूमिका निभाई। महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए इस बार कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान महिला अधिकारियों के हाथों में रही, जिन्होंने पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।
रंगपंचमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिले भर में पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस व्यवस्था में महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सुनीता रावत के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा तथा एसडीओपी सुश्री पूजा शर्मा सहित जिले में पदस्थ अन्य महिला अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी कर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में जुटी हुई हैं। महिला अधिकारियों की उपस्थिति से आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
रंगपंचमी के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। साथ ही पुलिस अधिकारी आम नागरिकों से भी अपील कर रहे हैं कि वे त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सीहोर श्री दीपक कुमार शुक्ला ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जिले में पदस्थ सभी महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मी न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, बल्कि समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रेरणा भी बन रही हैं।
उन्होंने सभी महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

