रोजगार दिवस कार्यक्रम में प्रतिष्ठित कम्पनियों को आमंत्रित किया जाएं – कलेक्टर ठाकुर। अतिवर्षा में क्षतिग्रस्त मार्गों तथा पुल-पुलियों की मरम्मत शीघ्र कराने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
टीएल बैठक आयोजित

जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर की अध्यक्षता में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ठाकुर ने बीते दिनों अतिवर्षा के दौरान क्षतिग्रस्त मार्गों तथा पुल-पुलियों की मरम्मत का कार्य शीर्घ पूर्ण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने 27 अगस्त को आयोजित होने वाले रोजगार-स्वरोजगार कार्यक्रम में प्रतिष्ठित कम्पनियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ठाकुर ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति विभागीय योजनाओं से लाभान्वित होने से नही छूटे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही बैठक में सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों के निराकरण एवं अनेक विभागों के समय सीमा वाले लंबित पत्रों की विस्तृत समीक्षा भी की गई।
बैठक में कलेक्टर ठाकुर ने अंकुर अभियान की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को अभियान के तहत पौधारोपण एवं वायुदूत एप पर फोटो अपलोड करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंकुर अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर पंजीयन कराते हुए पौधरोपण कराएं। साथ ही विभागों के लिए पौधरोपण के निर्धारित लक्ष्य अनुसार पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ ही उनकी सुरक्षा तथा देखभाल भी सुनिश्चित करें ताकि पौधे वृक्ष का रूप ले सकें।
कलेक्टर ठाकुर ने शहर में सड़कों पर घूम रहे अवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समाज सेवी संस्थाओं के सहयोग से गायों के सिंग पर रेडियम लगाने के लिए कहा। उन्होंने ट्रेक्टर-ट्रालियों में टेल लाइट नही होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है, उनपर भी रेडियम लगाए जाए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
संबल योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री ठाकुर ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्रारंभ किए गए अभियान के तहत जिले के शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाए तथा आयुष्मान कार्ड बनाने की गति बढ़ाया जाए। उन्होंने गाँव-गाँव में पात्र व्यक्तियों के ऑथेंटिफिकेशन कर कार्ड बनाने का कार्य आशा कार्यकर्ता और रोजगार सहायक के माध्यम से किया जाना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबल योजना के हितग्राहियों का सत्यापन कार्य तेजी से किया जाए। ताकि हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया जा सके।
कलेक्टर ठाकुर ने बताया कि 27 अगस्त को रोजगार दिवस मनाया जाएगा। रोजगार दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम इन्दौर में आयोजित किया जाएगा। जिले में रोजगार दिवस पर रोजगार-स्वरोजगार कार्यक्रम शासकीय चन्द्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीहोर में प्रात: 10.30 बजे सेआयोजित किया जाएगा। उन्होंने रोजगार दिवस कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि रोजगार दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक रोजगार प्रदाता कम्पनियों को आमंत्रित किया जाए। जिससे जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवक युवतियों को रोजगार-स्वरोजगार प्रदान किया जा सके।
वोटर आईडी को आधार से लिंक कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ठाकुर ने कहा कि मतदाताओं के वोटर आईडी को आधार नंबर से लिंक कराने के कार्य को तेजी से किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएलाओं की नियमित बैठक कर प्रगति की समीक्षा करें। इसके लिए वोटर हेल्प लाइन, गरुड़ एप्प जारी किया गया हैं। उन्होंने कहा कि वेब पोर्टल nvsp-in से स्वयं अथवा अपने बीएलओ के मदद से भी मतदाता वोटर आईडी कार्ड और आधार कार्ड लिंक कर सकते हैं।मतदाता वेब लिंक fyad https:@@play-google-com@store@apps@details\id¾com-eci-citizen से एप डाउन लोड कर सकते है। उन्होने कहा कि कोई भी मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप से स्वयं का एवं अपने परिवार तथा मित्रों का आधार नंबर मतदाता सूची में अपडेट कर सकते है। इसके लिए मतदाता को फॉर्म 6 बी की सभी जानकारी अपडेट करना होगा।
कलेक्टर ठाकुर ने कहा कि कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के लिये नि:शुल्क प्रिकॉशन डोज लगाने के लिये प्रारंभ किए गए कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव के तहत जिले के सभी पात्र व्यक्तियों से कोविड वैक्सीन की प्रिकॉशन (बूस्टर) डोज 30 सितम्बर तक लगाई जाए। साथ ही उन्होनें अभियान में जन प्रतिनिधियों, समाज सेवको, जागरूक नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक व्यक्तियों को प्रिकॉशन (बूस्टर) डोज लगवाये जा सके। कलेक्टर श्री ठाकुर ने कहा कि जिले में 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, जिन्होंने कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी डोज के बाद 6 माह की अवधि पूर्ण कर ली है, वे सभी प्रिकॉशन डोज के लिये पात्र हैं। ऐसे सभी पात्र व्यक्ति कोविड वैक्सीन का प्रिकॉशन डोज आवश्य लगवाये।
बैठक में कलेक्टर ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में ऊर्जा की बचत एवं जलवायु परिवर्तन के पर्यावरणीय दुष्प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से प्रदेश शासन द्वारा ऊर्जा साक्षरता अभियान (USHA) चलाया जा रहा है। ऊर्जा साक्षरता अभियान में स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों एवं जनसाधारण की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए www.usha.mp.gov.in पर या मोबाईल से USHA एप पर लॉगिन करने एवं UShA एप पर पंजीयन करने के लिए प्रेरित करें।जनसाधारण इस अभियान से जुड़कर देश-प्रदेश के लिए ऊर्जा कि बचत में अपना योगदान तो दे ही सकेंगे, साथ ही वे अपने घर की ऊर्जा की भी बचत कर अपने स्वयं के बिजली के बिल को भी कम कर सकेंगे।
मूंग उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री ठाकुर ने उपार्जन में शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में मूंग उत्सव जैसा वातावरण हो ताकि मूंग विक्रय के लिए आने वाले किसानों को शासन की किसान हितेषी सभी योजनाओं की जानकारी मिल सके। इसके लिए उन्होंने योजनाओं से संबंधित फ्लेक्स, बैनर तथा होर्डिंग उपार्जन केन्द्रों पर लगाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हर्ष सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती गुंचा सनोबर, संयुक्त कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, एसडीएम श्री सतीश राय सहित अनेक विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।