ग्राम रोजगार सहायको की विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सीहोर। सोमवार को शहर के कलेक्ट्रेट में मध्यप्रदेश ग्राम रोजगार सहायक संगठन के आह्वान पर जिला इकाई के द्वारा अपनी पांच सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर ईकाई के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सभी ब्लाकों से आए रोजगार सहायकों ने एक ज्ञापन कलेक्टर के नाम यहां पर मौजूद संयुक्त कलेक्टर बृजेश सक्सेना को सौंपा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश ग्राम रोजगार सहायक संगठन के ब्लाक अध्यक्ष अखिलेश मेवाड़ा ने बताया कि हमारी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को ज्ञापन सौंपा गया है। जिसमें प्रमुख रूप से मध्यप्रदेश शासन के पत्र क्रमांक 3206 दिनांक 19.10.2020 के अनुसार ग्राम रोजगार सहायको से पूर्ण कालिक तौर पर सिर्फ रोजगार गारण्टी योजना का ही कार्य कराया जायेगा। पत्र के अनुसार अन्य योजनाओं या विभागों का कार्य कराने पर राज्य शासन से अनुमति ली जाये। ग्राम रोजगार सहायको पर जनपद स्तर से आयुष्मान कार्ड बनाने का दबाव बनाया जा रहा है जबकि यह कार्य स्वास्थ्य विभाग का है। आयुष्मान कार्ड बनाने का रोजगार सहायक संगठन द्वारा बहिष्कार किया जाता है। रोजगार सहायको से बीएलओ का कार्य नही करवाया जायें। ग्राम पंचायत स्तर पर सभी पंचायतो का कम्प्यूटर प्रिन्टर दिये गये है जो आज की स्थिति में खराब हो चुके है। अत: अपील है कि ग्राम रोजगार सहायकों को नवीन लेपटॉप क्रय करने की अनुमति पंचायतो को प्रदान की जायें। इसके अलावा ग्राम रोजगार अल्प मानदेय में पंचायतो के समस्त कार्य कर रहे है। अत: ग्राम रोजगार सहायको की पीढ़ा से शासन को अवगत कराया जावे, महंगाई को देखते हुए ग्राम रोजगार सहायको के मानदेय की वृद्धि करते हुए, मानदेय 30000 किया जायें। शासन से अपील है कि ग्राम रोजगार सहायको की मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाए। ज्ञापन देने वालों में सीहोर ब्लाक के अध्यक्ष अखिलेश मेवाड़ा, आष्टा ब्लाक अध्यक्ष रविन्द्र राजपूत, इछावर ब्लाक अध्यक्ष विरेन्द्र ठाकुर, नसरुल्लागंज ब्लाक अध्यक्ष राहुल पटेल, पद्म मालवीय, गनपत मेवाड़ा, संतोष वर्मा, रोहित वर्मा, विजेन्द्र मेवाड़ा, मनोज शर्मा, महेश वर्मा, पंकज ठाकुर, राजेन्द्र वर्मा, लाड सिंह, जगदीश मेवाडा, गोरव ओटदिया आदि शामिल थे।
