आगामी त्योहारों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने कलेक्टर ने दिए निर्देश हर्षोल्लास से मनाए जाएंगे सभी त्यौहार
शांति समिति की बैठक सम्पन्न

आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए तथा त्यौहारो को हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण मनाने के लिए कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कन्ट्रोल रूम में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सभी पर्वों पर सीहोर नगर तथा जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक समारोह के दौरान व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने सभी सदस्यों से कहा कि पर्वों के दौरान नगर पालिका की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
बैठक में कलेक्टर ठाकुर ने सभी पर्वो पर आयोजनों के दौरान साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल आदि व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियो को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। एसपी मयंक अवस्थी ने शांति समिति के सभी सदस्यो से कार्यक्रमों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने चल समारोह और कार्यक्रमों के अनुरूप यातायात व्यवस्था के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियो को निर्देश दिए। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने अनेक बहुमूल्य सुझाव दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती गुंचा सनोबर, एएसपी गीतेश कुमार गर्ग, एसडीएम अमन मिश्रा सहित अनेक अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि 26 सितम्बर को नवरात्रारम्भ, 5 अक्टूबर को विजय दशमी, 08 को मिलाद-उन-नबी, 09 अक्टूबर को वाल्मीकी जयन्ती, आचार्य श्री विद्यासागर जी का जन्मोत्सव, 24 अक्टूबर को दीपावली, 25 अक्टूबर को भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव, 8 नवम्बर को गुरूनानक जयंती एवं 25 दिसम्बर को क्रिसमस डे आदि त्यौहार मनाए जाएंगे।