वाहन रैली का जोरदार स्वागत-ठाकुर जीवनसिंह बोले- आम नहीं देश के स्वाभिमान के लिए महा आंदोलन, 8 जनवरी भोपाल में होगा आंदोलन
सीहोर। आर्थिक आधार पर आरक्षण, एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने एवं खाद-बीज के मूल्य पर नियंत्रण जैसी करीब 21 सूत्रीय मांगो के समर्थन में करणी सेना परिवार तैयारियां कर रहा है। आगामी 8 जनवरी को भोपाल में महा आंदोलन किया जाएगा। इसको लेकर गुरुवार को वाहन रैली निकाली गई, जिसका नगर में जोरदार तरीके से क्षत्रिय राजपूत समाज, अन्य सामाजिक संगठन एवं सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत किया। इस मौके पर शहर के तहसील चौराहे पर बड़ी संख्या में मुस्लिमजनों, इंदौर नाके पर सभी समाज के लोगों के अलावा क्षेत्रवासियों ने जगह-जगह काले कानून के विरोध में हो रहे आंदोलन के लिए अपना समर्थन देते हुए स्वागत किया।
भव्य स्वागत के साथ ही वाहन रैली के रूप में यात्रा ने जिला मुख्यालय के समीपस्थ सोया चौपाल होते हुए नगर प्रवेश किया। इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर को खुली में सभी का अभिवादन किया। इस दौरान जगह-जगह विभिन्न समाज, राजनीतिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पों से स्वागत किया। धीरे-धीरे यात्रा शहर के इंदौर नाका, तहसील चौराहा, अटल चौराहा, मेन रोड, कोतवाली चौराहा होते हुए चाणक्यपुरी में एक निजी गार्डन में सभा के रूप में समापन हुई। यहां विशेष बात यह रही की में मंच न बनाते हुए सभी ने जमीन पर बैठकर सभा को संबोधित किया। इस दौरान जीवनसिंह शेरपुर ने आंदोलन के उद्देश्य को सबके सामने रखा। सभी ने मंच से हुंकार भरी। यहां उन्होंने कहा की आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने एवं एट्रोसिटी एक्ट के विरोध सहित 21सूत्रीय मांगों को लेकर 8 जनवरी 2023 को भोपाल के जंबूरी मैदान में जन आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सभी समाजजनों और क्षेत्रवासियों से इस आन्दोलन में अपना सहयोग देने एवं 8 जनवरी को भोपाल चलने का आग्रह भी किया।
इस संबंध में करणी सैनिक ईश्वर सिंह ठाकुर ने कहा कि गुरुवार को क्षेत्र में वाहन रैली निकाली गई थी, अब पूरे जिले में घर-घर जाकर आंदोलन के बारे में बताया जाएगा। इस आंदोलन के माध्यम से अपना इतिहास स्वयं लिखेंगे। जन आंदोलन के लिए बीते पांच माह से तैयारी कर रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में यात्रा के माध्यम से जनजागरण कर रहे हैं। जहां से यह यात्रा निकलती है। उसके बाद सेना के कार्यकर्ता अलग-अलग ग्रामों में जनजागृति यात्रा के माध्यम से इस आंदोलन एवं उद्देश्य की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण का आधार आर्थिक किया जावे, ताकि समाज के हर वर्ग के गरीबों को आरक्षण का लाभ मिल सके। एक बार आरक्षण मिलने पर दोबारा आरक्षण का लाभ नहीं दिया जावे। एससी, एसटी एक्ट में बिना जांच के गिरफ्तारी पर रोक लगे। एससी, एसटी एक्ट की तर्ज पर सामान्य- पिछड़ा एक्ट बने जो सामान्य पिछड़ा वर्ग के हितों की रक्षा करे व कानूनी – सहायता प्रदान करे। ईडब्लूयएस आरक्षण में भूमि व मकान की बाध्यता समाप्त कर 8.00 लाख की वार्षिक आय को ही आधार मानकर। आरक्षण का लाभ दिया जावे। सभी भर्तियों में ईडब्लूयएस के छात्रों को उम्र सीमा में छूट एवं छात्रवृत्ति भी प्रदान की जावे। वर्तमान में प्रक्रियाधीन शिक्षक भर्ती वर्ष 2018 में प्रथम काउंसलिंग के पश्चात् शेष बचे हुए ईडब्लूयएस वर्ग के समस्त पदों को द्वितीय काउंसलिंग या शिक्षा विभाग की वर्तमान नियोजन प्रक्रिया में समस्त पदों के साथ ईडब्लूयएस वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों से भरा जावे। ईडब्लूयएस के रिक्त पदों को इसी वर्ग से भरा जावे। करणी सैनिकों का कहना है कि यह आंदोलन सभी समाज का है और इस महाआंदोलन की जरूरत वर्तमान में सभी को है।

