पटवारी संघ की हड़ताल का 15 वां दिन, आज निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा
हड़ताल के कारण तहसील में लगा रहे लोग चक्कर, कामकाज ठप


सीहोर। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिले के सैकड़ो पटवारी करीब 15 दिनों से हड़ताल में बैठे हुए हैं। पटवारी संघ के पदाधिकारी का कहना है प्रदेश में बारिश हो या आग बरसे हम अपनी मांगों पर अड़े रहेंगे। आखिर प्रदेश के मुखिया मामा शिवराज हमसे कब खुश होंगे। जबकि मुख्यमंत्री के द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं का जमीनी स्तर तक पहुंचाने का काम पटवारी के द्वारा किया जा रहा है। सोमवार को भी शहर के तहसील कार्यालय स्थित धरना स्थल पर सीहोर और श्यामपुर के बड़ी संख्या में पटवारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
इस मौके पर मध्यप्रदेश पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष संजय राठौर ने बताया कि विगत 28 अगस्त से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर है, सोमवार को 15 दिन हो गए है, लेकिन हमारी मांगों का निराकरण नहीं हो पाया है। मंगलवार को हमारी मांगों के समर्थन में याचिका लेखक संघ का समर्थन देगा, इसके अलावा सुबह ग्यारह बजे तिरंगा यात्रा शहर के विधायक सुदेश राय के कार्यालय पर पहुंचेगी, इस मौके पर अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर से विधायक श्री राय का ध्यानाकर्षण कराया जाएगा। अपनी मांगों को लेकर जहां प्रदेश के करीब 19 हजार पटवारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहां सभी की मांगे हैं। जिसमें ग्रेड पे को 2800 करना, भत्तों को बढ़ाना, साथ ही वेतनमान समयमान को लेकर मांगे की जा रही है। उन्होंने कहां अन्य प्रदेशों में पटवारी के साथ बाकायदा न्याय किया जा रहा है लेकिन मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार पटवारियों के साथ न्याय नहीं कर रही है। दरअसल पटवारियों के हड़ताल पर चले जाने से भूमि संबंधी सभी तरह के काम पर अंकुश लग गया है। ऐसे में रिपोर्ट, दस्तावेज, नकल आदि मिलना भी मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं लोगों की पेशियां तक नहीं हो पा रही हैं। इस वजह से जिले की तहसीलों में राजस्व सहित अन्य प्रकरण अटक गए हैं। ऐसे में यहां पदस्थ एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षकों पर काम का बोझ बढऩे लगा है।