रेहटी पुलिस ने 24 घंटे में किया अंधे कत्ल का खुलासा ,बेटा निकला मां का हत्यारा
मां का चाल चलन ठीक नहीं होने पर दोस्त देेते थे ताने, बेटे को आया गुस्सा पलंग के पाए से कर दी हत्या
– रेहटी में मृत मिली महिला की उसके बेटे ने ही की थी हत्या
रेहटी. एक दिन पहले रेहटी के मंडलोई कॉलोनी में स्थित मकान में खून से लथपथ मृत पड़ी मिली महिला के हत्यारे को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारा और कोई नहीं बल्कि उसी का बड़ा बेटा निकला है। जिसने मां का चाल चलन (चरित्र) ठीक नहीं होने पर मौका मिलते ही पलंग के पाए से हमला कर मौत के घाट उतारा था।
गुरुवार को पुलिस ने इस अंधेकत्ल का खुलासा करते हुए बताया कि दिगवाड़ निवासी सुनीता (45) पति भगवानसिंह साहू 20 फरवरी को दिगवाड़ से रेहटी में स्थित मकान आई थी। जब वह शाम तक वापस नहीं लौटी और फोन बंद आया तो पति भगवानसिंह तलाशता हुआ रेहटी के मकान पहुंचा था। यहां सुनीता मृत अवस्था में पड़ी मिली थी। महिला के सिर पर चोंट का निशान होने से पुलिस ने मामला कायम कर हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
हत्यारे का पता लगाने बनाई गई टीम
मामला गंभीर होने से एसपी मयंक अवस्थी, एएसपी गीतेश गर्ग, बुदनी एसडीओपी शशांकसिंह गुर्जर के नेतृत्व में रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे ने टीम बनाई। पुलिस टीम ने आरोपी महेन्द्र साहू को गुजरात के अहमदाबाद जाते हुए भैरुंदा बस स्टैंड से पकडकऱ पूछताछ की तो दंग रह गए। महेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का चाल चलन ठीक नहीं थी। मां कई बार हर किसी के साथ बैठकर आती और जाती थी। इस बात का दोस्त ताना देते थे। कई बार उसने मां को ऐसा नहीं करने का कहा लेकिन अनसुना कर दिया। महेंद्र को डर था कि उसकी 14 साल की बहन का भी कही मां के चक्कर में भविष्य खराब नहीं हो जाए, इसलिए उसने मां की हत्या करने का प्लान बनाया।
अहमदाबाद में रहता है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी महेंद्र अहमदाबाद में रहकर किसी प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है। 19 फरवरी को रेहटी आकर उसने मां की हत्या करने की पूरी तैयारी की। 20 फरवरी को मां घर पहुंची वैसे ही पलंग के पाए से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद वापस अहमदाबाद जाने की तैयारी में था तभी पुलिस ने पकड़ लिया। मृत महिला के पति भगवानसिंह साहू की दो पत्नी थी। पहले वाली पत्नी मौत हो चुकी है, जिसका एक लडक़ा व एक लडक़ी है। सुनीता दूसरी पत्नी थी, जिसके दो लडक़े और एक लडक़ी है। हत्या करने वाला आरोपी मृतिका का बड़ा बेटा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश कहारे, एसएसपी नंदराम अहिरवार, दीपक सारथी, बीएस सिकरवार, प्रधान आरक्षक जीवनसिंह कीर, सैनिक चन्द्रसिंह कीर, सुमेर सिंह आदि का सहयोग रहा।
वर्जन…
महिला की हत्या करने वाला उसी का बेटा निकला है। आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि उसकी मां का चाल चलन ठीक नहीं थी। कई बार समझाया फिर भी नहीं सुना जिसके चलते हत्या करना स्वीकारा है।
राजेश कहारे, थाना प्रभारी थाना रेहटी
