आज से सलकनपुर में रोपवे बंद, सड़क और सीढ़ी मार्ग से पहुंच सकेंगे देवीधाम
बुधनी. सलकनपुर देवीधाम आने वाले श्रद्धालु सोमवार से रोपवे में बैठ ऊंची पहाड़ी पर मौजूद मंदिर तक पहुंच मां विजयासन के दर्शन नहीं कर सकेंगे। उनको सीढ़ी या सड़क मार्ग से ही चलकर मंदिर तक पहुंचना पड़ेगा, तभी माता के दर्शन व पूजा अर्चना कर पाएंगे।
सलकनपुर में देवीधाम आने जाने के लिए रोपवे की व्यवस्था है, जिसका मेटनेंस कार्य होना है। इसके चलते 11 से 16 मार्च तक रोपवे का पूरी तरह से संचालन बंद रहेगा। श्रद्धालुओं को इस स्थिति में देवीधाम माता के दर्शन करने सीढ़ी या सडक मार्ग से होकर ही आना जाना करना पड़ेगा। मंदिर प्रबंधन की तरफ से भी इस संबंध में श्रद्धालुओं को सूचित किया गया है। सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने बताया कि रोपवे से 1200 फीट के करीब देवीधाम की दूरी है। एक दिन में रोपवे में बैठकर एक हजार से अधिक श्रद्धालु माता के दर्शन करते है। नवरात्र और अन्य त्योहारों में यह संख्या हजारों में पहुंच जाती है। रोपवे में बैठने का प्रति श्रद्धालु 110 रुपए किराया निर्धारित है।
तैयारी शुरू: हर साल दोनों नवरात्र में श्रद्धालुओं की देवीधाम में भीड़ उमड़ती है। इस बार भी चैत्र नवरात्र की शुरू आत अप्रेल महीने से होने जा रही है। नो दिनों में प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचेंगे। इसे देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। जिससे कि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं हो।
सोमवार से रोपवे की केबल आदि का मेटेनेंस कार्य किया जाएगा। जिसके चलते इसका संचालन बंद रहेगा। श्रद्धालु सीढ़ी या फिर सड़क मार्ग से होकर देवीधाम आना जाना कर सकेंगे।
महेश उपाध्याय, ट्रस्ट अध्यक्ष देवीधाम सलकनपुर
