नर्मदा के बाबरी घाट पर माइनिंग विभाग की कार्रवाई, 7 ट्रैक्टर पकड़े; पर ‘बड़ी मछली’ अब भी दूर
माइनिंग विभाग पर मिलीभगत का आरोप, बड़े रेत कारोबारी पर नहीं हुई कार्रवाई
बुधनी
बाबरी घाट: माँ नर्मदा नदी के बाबरी घाट पर हो रहे अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ माइनिंग विभाग ने कार्रवाई करते हुए सात ट्रैक्टरों को पकड़ा है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि विभाग ने छोटे ट्रैक्टर मालिकों को तो पकड़ लिया, लेकिन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रेत का कारोबार करने वाले मुख्य सरगना को अब तक नहीं पकड़ा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बाबरी घाट पर एक व्यक्ति लंबे समय से बड़े स्तर पर अवैध रेत का उत्खनन कर रहा है। यह शख्स कई ट्रैक्टरों, नावों और कश्तियों का उपयोग कर नदी के पानी के अंदर से सीधे रेत निकालता है, जिससे नदी के पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है।
लोगों का आरोप है कि माइनिंग विभाग को इस बड़े अवैध कारोबार की पूरी जानकारी है, लेकिन इसके बावजूद आज तक उस मुख्य कारोबारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। विभाग की इस चयनात्मक कार्रवाई ने उसे संदेह के घेरे में ला दिया है। लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ दिखाने के लिए है, ताकि छोटी मछलियां पकड़ी जा सकें, जबकि बड़ी मछली को जानबूझकर छोड़ा जा रहा है।


