नाकेदार पर मारपीट के गंभीर आरोप, ग्रामीण पहुंचे रेहटी वन कार्यालय; जमकर नारेबाज़ी
एंकर-रेहटी तहसील के ग्राम बनियागांव के ग्रामीणों ने बीट गार्ड रघुवीर सिंह पवार पर मारपीट, गाली-गलौज और पद के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए वन परिक्षेत्र कार्यालय रेहटी में पहुंचकर हंगामा किया। जानकारी अनुसार विवाद करने वाला नाकेदार इसी कार्यालय में पदस्थ है और उसके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं, जो अब आम बात बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नाकेदार रघुवीर पवार पूर्व में भी तार चोरी और कई अन्य मामलों में संलिप्त रहने के कारण चर्चा में रहा है। घटना के विरोध में करीब 50 से 60 ग्रामीण वन कार्यालय पहुंचे और उन्होंने सामूहिक आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कार्यालय में रेंजर की अनुपस्थिति से ग्रामीणों में और आक्रोश फैल गया तथा लोगों ने जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने रेंजर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने बीट गार्ड के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की तो वे उच्चाधिकारियों से सामूहिक रूप से मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

