नर्मदा में अवैध रेत उत्खनन पर राजस्व-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 पनडुब्बियां जब्त
मायनिंग विभाग की भूमिका पर उठे सवाल, कई घाटों पर अब भी जारी अवैध खनन
रेहटी/सीहोर।
मुकेश मेहता
नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ राजस्व और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 पनडुब्बियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई देर रात रेहटी क्षेत्र के बाबरी नर्मदा रेत घाट पर की गई।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रेहटी प्रभारी तहसीलदार युगविजय सिंह और रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नदी में पनडुब्बियों के माध्यम से रेत निकाल रहे माफिया पर शिकंजा कसते हुए 7 पनडुब्बियां जब्त की गईं।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से नर्मदा नदी में पनडुब्बियों और किश्तियों के जरिए अवैध तरीके से रेत निकाली जा रही थी, जिससे नदी और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया।
मायनिंग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस पूरे मामले में खनन (मायनिंग) विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से पनडुब्बियों के जरिए रेत उत्खनन किया जा रहा है, लेकिन मायनिंग विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
कई घाटों पर अब भी जारी अवैध खनन
सूत्रों के मुताबिक नेहलाई, मट्ठागांव, जजना और बाबरी क्षेत्र के नर्मदा घाटों पर अभी भी बड़े पैमाने पर किश्तियों और पनडुब्बियों के जरिए अवैध रेत उत्खनन जारी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब राजस्व और पुलिस विभाग कार्रवाई कर सकता है तो मायनिंग विभाग आखिर क्यों निष्क्रिय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नर्मदा नदी में चल रहे अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो।

